भागलपुर शूटआउट मामले में मुख्य अपराधी रामधनी यादव का एनकाउंटर हो गया है। पुलिस के एक्शन के बाद सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार के हत्यारे रामधनी यादव के बैकग्राउंड की खूब चर्चा हो रही है। इस बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ उसकी तस्वीर सामने आने के बाद मामला और भी गहरा गया है।
तेजस्वी यादव का तंज
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रामधनी यादव के एनकांउटर के बाद उसका एनडीए के साथ कनेक्शन जोड़ा है। तेजस्वी ने एनडीए के नेताओं के साथ रामधनी यादव की तस्वीरें एक्स हैंडल पर शेयर कर निशाना साधा है। तेजस्वी यादव ने रामधनी यादव के साथ बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की तस्वीर शेयर की है। एक फोटो उसकी केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के साथ है। एक तस्वीर एलजेपी रामविलास के सांसद राजेश वर्मा के साथ है। इस तरह और भी तस्वीर तेजस्वी यादव ने एक्स पर शेयर करते हुए सवाल उठाया है।
रामधनी यादव को बताया बीजेपी संरक्षित गुंडा
तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में सीधे तौर पर आरोप लगाया कि रामधनी यादव कोई साधारण अपराधी नहीं, बल्कि बीजेपी संरक्षित गुंडा और एनडीए नेता था। तेजस्वी ने दावा किया कि यह अपराधी भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं और कई केंद्रीय मंत्रियों का बेहद करीबी रहा है।
पीएम मोदी का जिक्र कर कसा तंज
तेजस्वी यादव ने अपने ट्वीट में लिखा है कि ‘भागलपुर में सरकारी अधिकारी की दिनदहाड़े हत्या करने वाला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गाने मारब सिक्सर की 6 गोली छाती में से प्रेरित सुशासनी अपराधी, बीजेपी संरक्षित गुंडा व एनडीए नेता रामधनी यादव है। यह अपराधी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन और कई केंद्रीय मंत्रियों का नजदीकी है। जंगलराज का बेसुरा राग अलपाने वाले लोग अब हत्यारे एनडीए नेता के बारे में क्या कहेंगे?’
चिराग पासवान की पार्टी से चुनाव लड़ चुकी हैं पत्नी
अपराधी होने के बावजूद उसका राजनीतिक रसूख काफी गहरा था। रामधनी यादव की पत्नी का नाम नीलम देवी है। जानकारी के मुताबिक, नीलम देवी नगर परिषद अध्यक्ष रह चुकी हैं। साथ ही केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोजपा से सुलतानगंज विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुकी हैं। लेकिन वह चुनाव हार गईं थीं। अभी वह उपसभापति भी हैं।

