बिहार की राजनीति में अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले तेजप्रताप यादव ने चिराग पासवान को लेकर बड़ा दावा किया है। जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के अध्यक्ष तेज प्रताप ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का कनेक्शन बॉलीवुड की अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौते से जोड़ा है।
चिराग को जल्द शादी करने की सलाह
हाल ही में एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में तेज प्रताप यादव ने चिराग पासवान पर तंज कसते हुए उनके रिश्तों को लेकर बड़ा दावा किया और उन्हें जल्द शादी करने की सलाह दे डाली। इंटरव्यू के दौरान जब तेज प्रताप से उनकी शादी को लेकर सवाल किया गया, तो तेज प्रताप ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि फिलहाल उनका तलाक (डिवोर्स) का केस चल रहा है। उन्होंने कहा कि अभी उनका पूरा ध्यान अपनी राजनीतिक और सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने पर है और दूसरी शादी के बारे में उन्होंने फिलहाल कुछ नहीं सोचा है। तेज प्रताप ने आगे कहा कि जिन नेताओं की शादी नहीं हुई है, उन्हें शादी करना चाहिए अभी। जैसे कांग्रेस नेता राहुल गांधी की शादी नहीं हुई है, उन्हें शादी कर लेनी चाहिए। चिराग पासवान कि शादी नहीं हुई है, उन्हें शादी करना चाहिए।
चिराग इन दिनों किसी हिरोइन के चक्कर में हैं-तेज प्रताप
तेज प्रताप यादव ने चिराग पासवान पर तंज कसते हुए कहा, ‘चिराग पासवान इन दिनों किसी ‘हिरोइन के चक्कर’ में हैं। शुरुआत में उन्होंने नाम लेने से परहेज किया, लेकिन जब उनसे स्पष्ट तौर पर पूछा गया कि वह किस अभिनेत्री की बात कर रहे हैं तो उन्होंने बंगाल चुनाव प्रचार का हवाला देते हुए सीधा कंगना रनौत का नाम लिया। तेज प्रताप ने अपने बयान को पुख्ता करने की कोशिश करते हुए कहा, ‘चिराग और कंगना अक्सर साथ देखे जा रहे हैं। चाहे सदन हो या सड़क, चिराग पासवान अक्सर उन्हीं के साथ नजर आते हैं।’
चिराग के साथ संबंधों को खारिज कर चुकीं हैं कंगना
बता दें कि कंगना रनौत न्यूज़ एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में चिराग के साथ संबंधों को खारिज कर चुकी हैं। एक्ट्रेस और सांसद कंगना ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के साथ अपने रिश्तों को पर खुल कर बात की है। उन्होंने साफ किया है कि उनके और चिराग के बीच कोई रोमांटिक एंगल नहीं है।बातचीत के दौरान कंगना ने बेहद बेबाक और मजाकिया अंदाज अपनाया। उन्होंने कहा, हमने करीब 10 साल पहले एक फिल्म साथ में की थी। अगर हमारे बीच वाकई कुछ होना होता, तो अब तक हमारे बच्चे हो चुके होते।

