‘अपराधियों का पिंड दान शुरू’, सीएम सम्राट चौधरी ने दिखाए सख्त तेवर, पुलिस को दी खुली छूट

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपराधियों के खिलाफ तेवर सख्त कर लिए है। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ के अंदाज में सम्राट चौधरी ने पहले बुलडोजर एक्शन दिखाया, अब अपराधियों की तस्वीरों पर ‘माला चढ़ाने’ के लिए पुलिस को खुली छूट दे रहे हैं।

कोई भी अपराधी अब बख्शा नहीं जाएगा-सम्राट चौधरी

गया में एक कार्यक्रम के दौरान सीएम सम्राट अपराधियों पर खूब गरजे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि ‘गयाजी तो पिंड दान के लिए जाना जाता है। बिहार में अपराधियों का पिंड दान गयाजी में ही होगा। बिहार में पिंड दान कई जगह पर शुरू भी हो गया है। आगे भी ऐसे कई अपराधियों का पिंड दान हमारी सरकार करेगी। कोई भी अपराधी अब बख्शा नहीं जाएगा।’

अपराधियों की तस्वीर पर माला चढ़ा दीजिए-सम्राट चौधरी

महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ बढ़ते अपराध पर मुख्यमंत्री ने खास नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ सीधे और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। केस दर्ज करने में देरी न हो। चार्जशीट जल्द दाखिल की जाए और कोर्ट से त्वरित सजा दिलाई जाए। उन्होंने अधिकारियों से यहां तक कहा कि पीड़ित बच्चियों की तेरहवीं से पहले ही अपराधियों की तस्वीर पर माला चढ़ा दीजिए, ताकि कड़ा संदेश जाए।

मठ की जमीन से अवैध कब्जा हटाने का ऐलान

दूसरी ओर सम्राट चौधरी ने मठ की जमीन से अवैध कब्जा हटाने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि मठ की जमीन से अवैध कब्जा हटाने का अभियान बोधगया से शुरू होगा। सीएम ने बिहार की शिक्षा-व्यवस्था को लेकर कहा कि सरकारी स्कूल में मंत्री, विधायक के बच्चे क्यों नहीं पढ़ते इसके लिए अगले दो वर्षों में ऐसी व्यवस्था करेंगे कि इन सभी (मंत्री और विधायक) के बच्चे उसमें पढ़ेंगे।

Share This Article