बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 6 मई को एक महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक बुलाई है। यह बैठक मुख्यमंत्री सचिवालय में शाम 5 बजे होगी। इस सत्र के दौरान कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
लंबित प्रस्तावों पर निर्णय ले सकती है सरकार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 6 मई को अपनी कैबिनेट की तीसरी अहम बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि इस बैठक में राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। सूत्रों के अनुसार, सम्राट चौधरी दिल्ली से लौटते ही विकास योजनाओं, प्रशासनिक सुधारों और विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित प्रस्तावों पर निर्णय ले सकते हैं। वहीं बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार पर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
दूसरी बैठक में कुल 64 एजेंडों पर लगी मुहर
इससे पहले बीते बुधवार को सम्राट कैबिनेट की दूसरी बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में कई बड़े और महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। सम्राट कैबिनेट की दूसरी बैठक में कुल 64 एजेंडों पर मुहर लगी। सम्राट कैबिनेट कैबिनेट ने वित्त विभाग में साइबर ट्रेज़री की स्थापना को मंजूरी दी है, जिससे वित्तीय लेन-देन की प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी और डिजिटल होगी। वहीं स्वास्थ्य विभाग के तहत नर्सिंग ट्रेनिंग को बेहतर बनाने के लिए नर्सिंग नियमों में संशोधन को भी स्वीकृति दी गई। इसके अलावा कैंसर की रोकथाम के लिए 6 संविदा कर्मियों की नियुक्ति को भी मंजूरी मिली है।
22 अप्रैल को हुई थी पहली बैठक
बिहार में सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद 22 अप्रैल को कैबिनेट की पहली बैठक हुई थी। इस बैठक में कुल 22 प्रस्तावों की मंजूरी दी गई थी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव और विजय चौधरी भी उपस्थित रहे थे। कैबिनेट की इस बैठक में महिला पुलिसकर्मियों के लिए 1500 स्कूटी खरीदने के लिए 18 करोड़ 75 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है, जबकि पुलिसकर्मियों के लिए 3200 मोटरसाइकिल खरीदने के लिए 48 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई थी।

