बिहार के सासाराम जिले में सोमवार तड़के एक भीषण हादसा हुआ। आरा-मोहनियां नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ने खड़ी बस और पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं 10 के करीब लोग घायल हो गए हैं।
अनियंत्रित ट्रक पांच लोगों को रौंदा
घटना दिनारा थाना क्षेत्र के मठिया गांव के समीप की बताई जाती है। दुर्घटना सुबह करीब तीन बजे हुई। पिकअप और बस में सवार कुछ लोग चेनारी थाना क्षेत्र के लोधी गांव से एक तिलक समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। सोमवार की अहले सुबह करीब तीन बजे सभी लोग अपने गांव के समीप हीं राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस और पिकअप से नीचे उतर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दबकर कुल पांच लोगों की मौत हो गई।
दुल्हन के पिता की भी मौत
मृतकों में दुल्हन के पिता अशोक सिंह भी शामिल हैं। उनके भाई पिंटू कुमार, रिश्तेदार रामेश्वर सिंह, छोटू कुमार और लड़की के मामा रामब्रत सिंह शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद शादी वाले घर में कोहराम मच गया। परिवार की महिलाएं बेसुध हो गईं और पूरे गांव में मातम छा गया।

