दक्षिण अमेरिका के ब्राजील से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आई है। देश के प्रमुख शहर बेलो होरिजोंटे में सोमवार को एक हल्का विमान अचानक एक रिहायशी इमारत से टकरा गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
दमकल विभाग के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में विमान के पायलट और को-पायलट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विमान में सवार तीन अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि विमान इमारत के सीढ़ी वाले हिस्से से टकराया था। राहत की बात यह रही कि बिल्डिंग के अंदर मौजूद किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई और इमारत के गिरने का भी फिलहाल कोई खतरा नहीं बताया गया है।
हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया। दमकल और रेस्क्यू टीम ने तुरंत पहुंचकर इमारत को खाली कराया और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। जारी तस्वीरों में बचावकर्मी निवासियों की मदद करते नजर आए।
हालांकि यह हादसा और भी भयावह हो सकता था, लेकिन गनीमत रही कि इमारत में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बच गए। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

