डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह (कुरैशी मोहल्ला) में हुई फायरिंग की वारदात को सुलझाते हुए पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई घटना के महज कुछ घंटों के भीतर ही कर दी, जब आरोपी शहर से रफूचक्कर होने की फिराक में थे।
पुरानी दुश्मनी और आजादनगर से आए हथियार
सिटी एसपी ललित मीणा के अनुसार यह पूरी वारदात आपसी रंजिश का नतीजा थी। पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। मुख्य आरोपी इमरान उर्फ गोरे और वादी सरफराज कुरैशी उर्फ गामा के बीच पुरानी दुश्मनी थी। घटना से ठीक एक दिन पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई थी। रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपी इमरान आजाद नगर से हथियार लेकर आया और अगले दिन वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
जैसे ही सरफराज कुरैशी ने मामले की प्राथमिकी दर्ज कराई, पुलिस एक्टिव मोड में आ गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की और मो. इमरान उर्फ गोरे व महफूज आलम को उस वक्त गिरफ्तार किया जब वे शहर छोड़कर भागने की कोशिश कर रहे थे।
बरामदगी की सूची
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने घातक हथियार और बिना नंबर की बाइक बरामद की है। एक देशी ऑटो पिस्टल, 7.65 एमएम की एक जिंदा गोली, एक खोखा (इस्तेमाल किया हुआ कारतूस), बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद किया गया है। मुख्य आरोपी इमरान उर्फ गोरे का पहले से ही लंबा अपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस उसे एक ‘हिस्ट्रीशीटर’ के रूप में देख रही है।पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जांच के अन्य पहलुओं पर भी काम कर रही है।

