बिहार में सीएम आवास का बढ़ा दायरा, अब ‘5 देशरत्न मार्ग’ भी होगा हिस्सा

Reena Sharma
2 Min Read

बिहार की राजधानी पटना के 1 अणे मार्ग पर स्थित मुख्यमंत्री आवास अब पहले से कहीं अधिक विशाल होने जा रहा है। दरअसल, अब 5 देशरत्न मार्ग वाले बंगले को अब सीधे मुख्यमंत्री आवास परिसर में मिलाया जा रहा है। पांच देशरत्न मार्ग को एक अणे मार्ग का एक्सटेंशन घोषित करते हुए मुख्यमंत्री आवास के रूप में चिह्नित कर दिया गया है। भवन निर्माण विभाग ने इसके लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।

डिप्टी सीएम का आवास था ‘5 देशरत्न मार्ग’

भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, 1 अणे मार्ग स्थित सीएम हाउस को अब 5 देशरत्न मार्ग तक विस्तारित कर दिया गया है। बिहार सरकार के इस फैसले के तहत 5 देशरत्न मार्ग, जो फिलहाल उपमुख्यमंत्री के आवास के रूप में इस्तेमाल हो रहा था, उसे अस्थायी तौर पर मुख्यमंत्री आवास परिसर का हिस्सा बना दिया गया है। यह निर्णय अगले नोटिफिकेशन तक प्रभावी रहेगा।

Advertisement

क्या है मुख्यमंत्री आवास के विस्तार की वजह

फिलहाल दोनों आवासों को आपस में जोड़ने का काम किया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो सुरक्षा कारणों और बैठकों के लिए अतिरिक्त जगह की आवश्यकता को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इस विलय के बाद मुख्यमंत्री आवास का दायरा बढ़ जाएगा, जिससे बड़े कार्यक्रमों और आधिकारिक बैठकों के आयोजन में आसानी होगी। राज्य का भवन निर्माण विभाग इस पूरी प्रक्रिया और नए आवंटन की तैयारी में जुटा है।

Share This Article