मोतिहारी में भीषण अग्निकांड, 2 बच्चों समेत 3 की जिंदा जलकर मौत

Reena Sharma
3 Min Read

बिहार के मोतिहारी जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां भीषण आग में दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। एक किराना दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दो मंजिला मकान को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। जिसने तीन जिंदगियां छीन लीं।

सो रहे लोग जिंदा जले

मोतिहारी जिले के ढाका प्रखंड अंतर्गत बड़हरवा फतेह मोहम्मद गांव में शुक्रवार देर रात एक दो मंजिला होलसेल जनरल स्टोर में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो मासूम बच्चों और दुकान के एक स्टाफ की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।

Advertisement

आधी रात में अचानक लगी आग

स्थानीय लोगों के अनुसार, आधी रात में अचानक आग लगने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बुझने के बजाय तेजी से फैलती चली गई। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, साथ ही पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।

सुबह आठ बजे आग पर पाया गया काबू

फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सुबह आठ बजे तक फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी रही। हालांकि, तब तक तीन जिंदगियां जलकर राख हो गईं। वहीं, आग बुझने तक दुकान का सारा सामान जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

दुकानदार के बेटा-बेटी और स्टाफ की मौत

मृतकों की पहचान दुकानदार राजकुमार साह के पुत्र और पुत्री तथा दुकान के स्टाफ प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। वहीं, इस अगलगी की घटना में एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया है, जिसे ढाका अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घायल की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

Share This Article