पलामू पुलिस की बड़ी कामयाबी: जवान को गोली मारने वाले ऋषभ के घर से पिस्टल और बुलेट बरामद

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: लातेहार जिला बल के जवान पवन सिंह पर फायरिंग मामले में पलामू पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी ऋषभ सिंह के घर से घटना में प्रयुक्त हथियार और बुलेट बाइक बरामद कर ली है। रिमांड पर पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर यह कार्रवाई की गई।

पुलिस रिमांड में खुले राज
​पलामू एसपी कपिल चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी ऋषभ सिंह ने पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण 06 मई को कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। इसके बाद 08 मई को पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लिया। गहन पूछताछ के बाद पुलिस उसके घर (चैनपुर के चांदो) पहुंची। आरोपी के घर से 7.65 एमएम की देशी पिस्टल और मैगजीन बरामद की गई। उसकी निशानदेही पर बिरसा नगर शाहपुर से घटना में इस्तेमाल की गई बुलेट (JH 03R-4131) भी जब्त कर ली गई है।

क्या था पूरा मामला?
​बीते 03 मई को सदर थाना क्षेत्र में 33 वर्षीय जवान पवन सिंह को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। घायल जवान के बयान के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।

पुलिस को मौके से मिले ये सबूत
​वारदात वाली जगह से आरोपी का चश्मा।
​फायरिंग के बाद जमीन पर गिरा खोखा।

एसपी पलामू कपिल चौधरी का कहना है कि जवान पर हमले के बाद से ही विशेष टीम छापेमारी कर रही थी। आरोपी को रिमांड पर लेकर साक्ष्य जुटाए गए हैं और अब उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

आगे की कार्रवाई
​रिमांड अवधि पूरी होने के बाद पुलिस ने ऋषभ सिंह को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस मामले के अन्य कड़ियों को जोड़ने और हमले के पीछे की सटीक वजह की गहन जांच में जुटी है।

Share This Article