डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स में की गई 20 प्रतिशत की वृद्धि का विरोध तेज हो गया है। नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान ने इस बढ़ोतरी को गलत ठहराते हुए इसके पुनर्विचार के लिए राज्य सरकार को पत्र लिखा है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि इस मुद्दे को सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा।
रेट पेयर्स एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन
मंगलवार को जुगसलाई रेट पेयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सरदार शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में नागरिकों का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष नौशीन खान के आवासीय कार्यालय पहुंचा। एसोसिएशन ने टैक्स वृद्धि को तानाशाही बताते हुए कहा कि बिना निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की सहमति के टैक्स बढ़ाना जनता पर भारी आर्थिक बोझ है। ज्ञापन में मांग की गई है कि इस बढ़ी हुई दर पर तत्काल रोक लगाई जाए।
इन प्रमुख मांगों पर भी हुई चर्चा
टैक्स के अलावा नागरिकों ने क्षेत्र की अन्य समस्याओं को लेकर भी अपनी मांगें रखी।
दमकल सेवा: जुगसलाई थाना मैदान में हमेशा के लिए फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी तैनात करना।
फुट ओवर ब्रिज: टाटा स्टील तीन नंबर पावर हाउस गेट के सामने फुट ओवर ब्रिज का निर्माण।
नाली का पक्कीकरण: टाटा पिगमेंट गेट से निकलने वाले तेजाब नाला का पक्कीकरण करना।
सुंदरीकरण: स्वर्गीय प्रदीप मिश्रा चौक का सौंदर्यीकरण करना।
अध्यक्ष नौशीन खान ने इन सभी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
सम्मान समारोह का भी हुआ आयोजन
इस मुलाकात के दौरान जुगसलाई के नागरिकों ने नगर परिषद अध्यक्ष नौशीन खान, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्ला खान, पार्षद नेहा सिंह और पप्पू खान को शॉल व फूलों का गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारी परमात्मा नंद मिश्रा, मोहम्मद सुबेद, बंटी सिंह, अजय कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। शैलेंद्र सिंह ने कहा कि वे इस मामले में जल्द ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नगर विकास मंत्री से भी मिलकर अपनी बात रखेंगे।

