धनबाद: जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी तथा कीमत बढ़ने की अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने कहा कि बुधवार देर शाम अफवाहों के कारण जिले के कई पेट्रोल पंपों पर अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी। विभिन्न पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और बड़ी संख्या में लोग अतिरिक्त ईंधन भरवाने पहुंचने लगे, जिससे सामान्य व्यवस्था प्रभावित हुई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। लोगों से अपील की गई है कि घबराकर जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदने की कोशिश न करें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल लें।
स्थिति को लेकर गुरुवार को समाहरणालय में जिले की सभी तेल कंपनियों के साथ बैठक बुलाई गई है। जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

