बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई IAS अधिकारियों का तबादला, विनोद गुंजियाल बने शिक्षा विभाग के सचिव

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। शुक्रवार को जारी एक आदेश के तहत राज्य के 15 वरिष्ठ IAS अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। कई प्रमुख विभागों के सचिवों के साथ-साथ प्रमंडलीय आयुक्तों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है।

विनोद गुंजियाल को शिक्षा के साथ खेल विभाग

राज्य सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक कई अहम विभागों में नए सचिव और अपर मुख्य सचिव नियुक्त किए गए हैं। शिक्षा विभाग से लेकर पथ निर्माण, सूचना प्रौद्योगिकी, श्रम संसाधन और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग तक बड़े बदलाव किए गए हैं। बिहार सरकार ने शिक्षा विभाग में सबसे बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। सीनियर आईएएस अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल को शिक्षा विभाग का नया सचिव बनाया गया है। उन्हें शिक्षा विभाग के संपूर्ण प्रभार के साथ-साथ खेल विभाग के सचिव पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। इस बदलाव के बाद डॉ. बी. राजेन्द्र इन दोनों विभागों के प्रभार से मुक्त हो जाएंगे।

कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार

नए आदेश में कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया। विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के सेंथिल कुमार को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया और उन्हें पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। अधिसूचना में बताया गया कि इसके साथ ही एच.आर.श्रीनिवास को पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया। 

पंकज पाल बने पथ निर्माण विभाग के सचिव

सम्राट सरकार ने पंकज पाल को पथ निर्माण विभाग का सचिव नियुक्त किया है। वहीं, अभय कुमार सिंह को सूचना प्रावैधिकी विभाग का सचिव बनाया गया है। दीपक आनंद को खाद्य उपभोक्ता विभाग का सचिव बनाया गया है। वहीं, हिमांशु शर्मा को विज्ञान एवं प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।

पटना के उपविकास आयुक्त बने शुभम कुमार

नालंदा के उपविकास आयुक्त शुभम कुमार को पटना का नया उपविकास आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं जीविका के मुख्य कार्यपालक अधिकारी हिमांश शर्मा को विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का प्रभारी सचिव बनाया गया है। 

Share This Article