गोमो रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को इंसानियत और संवेदनशीलता की एक मिसाल देखने को मिली। धनबाद मंडल में कार्यरत टिकट जांच कर्मचारी अभिनव कुमार आनंद और विवेक कुमार रवि ने तत्परता दिखाते हुए एक दृष्टिबाधित यात्री की मदद कर सराहनीय कार्य किया।
बताया गया कि यात्री एक आंख से पूरी तरह दृष्टिहीन थे, जबकि दूसरी आंख से भी उन्हें बेहद कम दिखाई देता था। उचित जानकारी के अभाव में उन्हें गया से हावड़ा जाने वाली ट्रेन में सफर करना था, लेकिन वे गलती से दूसरी ट्रेन में सवार हो गए। यात्रा के दौरान सहयात्रियों द्वारा जानकारी दिए जाने के बाद वे गोमो स्टेशन पर उतर गए।
गोमो स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात टीटीई अभिनव कुमार आनंद और विवेक कुमार रवि ने यात्री की परेशानी को गंभीरता से समझा। दोनों कर्मचारियों ने न केवल उन्हें सही जानकारी दी, बल्कि सुरक्षित तरीके से उचित प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया और गाड़ी संख्या 13504 हटिया-वर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस में बैठाने में भी मदद की।
रेल प्रशासन ने दोनों कर्मचारियों के इस मानवीय और सराहनीय कार्य की प्रशंसा की है। यह घटना भारतीय रेल की यात्री सेवा, संवेदनशील कार्यसंस्कृति और मानवता के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है।

