डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : अगर आप टाटा स्टील के शेयरहोल्डर हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। कंपनी ने उन शेयरधारकों को एक आखिरी मौका देते हुए चेतावनी जारी की है, जिन्होंने पिछले सात वर्षो से अपना डिविडेंड (लाभांश) क्लेम नहीं किया है। अगर तय समय सीमा के भीतर दावा नहीं किया गया, तो यह पैसा आपके हाथ से निकल जाएगा।
17 अगस्त तक का है समय, वरना IEPF में ट्रांसफर होगा पैसा
टाटा स्टील लिमिटेड ने निवेशक शिक्षा व संरक्षण कोष प्राधिकरण के नियमों के तहत समाचार पत्रों में एक सार्वजनिक नोटिस जारी किया है। इसके अनुसार जिन शेयरधारकों ने वित्तीय वर्ष 2018-19 से लेकर वित्तीय वर्ष 2024-25 तक का अपना डिविडेंड क्लेम नहीं किया है, वे 17 अगस्त तक इसके लिए दावा पेश कर सकते हैं। अगर 17 अगस्त तक शेयरधारकों द्वारा दावा नहीं किया गया, तो कंपनी 18 अगस्त को संबंधित अनक्लेम्ड डिविडेंड और उससे जुड़े शेयरों को सीधे IEPF अथॉरिटी के नाम ट्रांसफर कर देगी।
शेयरधारकों को तुरंत करने होंगे ये 4 काम
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि जिन निवेशकों के पास कंपनी के फिजिकल शेयर्स हैं, उन्हें तुरंत KYC (नो योर कस्टमर) वेरिफिकेशन, बैंक अकाउंट, नॉमिनेशन अपडेट इन डिटेल्स को अपडेट करानी होंगी। वही दूसरी ओर डिमैट अकाउंट वाले शेयरधारक अपने ‘डिपॉजिटरी पार्टिसिपेंट’ के माध्यम से अपनी डिटेल्स को तुरंत अपडेट कर सकते हैं।
कहां मिलेगी पूरी जानकारी?
टाटा स्टील ने इस पूरे मामले की जानकारी 15 मई को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज को दे दी है। जिन शेयरधारकों को अपने अनक्लेम्ड डिविडेंड की लिस्ट देखनी है, वे कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पूरी डिटेल चेक कर सकते हैं। इसके अलावा निवेशक मदद या दावे के लिए कंपनी के ट्रांसफर एजेंट ‘लिंक इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ या सीधे कंपनी सचिव से संपर्क कर सकते हैं।

