धनबाद में गौवंश तस्करी का मामला फिर सामने आया है। आरोप है कि दिन के उजाले में तस्कर छोटे वाहन में 10 गौवंशों को बेरहमी से ठूंस-ठूंसकर ले जा रहे थे। सूचना मिलने पर पवित्रतम सेवाधाम गौ रक्षक दल के सदस्य मौके पर पहुंचे और वाहन का पीछा कर उसे पकड़ लिया।
गौ रक्षकों ने वाहन का किया पीछा
घटना धनबाद थाना क्षेत्र के विनोद बिहारी चौक स्थित 8 लेन सड़क की है। गौ रक्षकों के अनुसार, टाटा मैजिक में गौवंशों को तार से बांधकर ले जाया जा रहा था। पीछा किए जाने पर चालक तेज रफ्तार में भागने लगा और गौ रक्षक दल के लोगों को कुचलने की कोशिश भी की। इसके साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने मैजिक समेत सभी 10 गौवंशों को जब्त किया
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने टाटा मैजिक समेत सभी 10 गौवंशों को जब्त कर लिया। थाना में गौवंशों के लिए पानी और चारे की व्यवस्था की गई है।
लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग
गौ रक्षक राजीव ओझा ने बताया कि पहले नेशनल हाईवे के रास्ते बड़े ट्रकों से गौवंश तस्करी की जाती थी, लेकिन अब तस्कर शहर के अंदर छोटे वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पकड़े गए गौवंशों को कुर्बानी के लिए ले जाया जा रहा था। मामले में धनबाद थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है।

