डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: शहर के मानगो थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे अब फिल्मों की तर्ज पर चोरियों को अंजाम दे रहे हैं। मानगो के पारडीह चौक स्थित मामा स्टोर में बीती रात चोरों ने एक अनोखे और शातिराना अंदाज में बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान का ताला तोड़ने के बजाय सीधे एस्बेस्टस की छत काटकर अंदर प्रवेश किया और नकदी समेत कीमती सामान समेटकर रफूचक्कर हो गए।
दिनभर की गाढ़ी कमाई पर फेरा पानी
दुकान संचालक महेश सिंह के अनुसार बुधवार को बिक्री काफी अच्छी हुई थी। दूध, दही और अन्य कच्चे सामानों के सप्लायर्स को सुबह भुगतान करना था, इसलिए उन्होंने लगभग 50,000 कैश और करीब 10,000 मूल्य का सामान दुकान में ही एक बैग में रख दिया था। रात करीब 11 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 6 बजे जब मैंने दुकान खोली, तो अंदर का नजारा देखकर पैरों तले जमीन खिसक गई। सारा सामान बिखरा पड़ा था और जब नजर ऊपर गई तो देखा कि छत कटी हुई थी। बैग से सारे पैसे गायब थे।
स्थानीय लोगों में आक्रोश: नशे के बढ़ते कारोबार से बढ़ रही असुरक्षा
इस दुस्साहसिक चोरी की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। स्थानीय नागरिकों का साफ तौर पर कहना है कि पारडीह और आसपास के इलाकों में नशे का अवैध कारोबार और असामाजिक गतिविधियां तेजी से पैर पसार रही हैं। इसी का नतीजा है कि क्षेत्र में चोरी और छिनतई जैसी घटनाएं रोजाना की बात बन गई हैं।
जनता की मांग: थमे नशे का धंधा, बढ़े पुलिस की गश्त
व्यापारियों का कहना है कि जब तक पुलिस प्रशासन क्षेत्र में सख्त निगरानी और नियमित गश्त नहीं बढ़ाएगा, तब तक आम जनता और व्यापारियों में सुरक्षा का भरोसा कायम होना नामुमकिन है। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है, लेकिन इस घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।

