भू-धसान से भड़का ग्रामीणों का गुस्सा, कतरास-धनबाद मुख्य मार्ग घंटों रहा जाम

KK Sagar
2 Min Read

बाघमारा: अंगार पथरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत काटा पहाड़ी बस्ती में गुरुवार रात हुए भू-धसान के बाद शुक्रवार सुबह ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने कतरास-धनबाद मुख्य मार्ग को जाम कर प्रशासन और संबंधित विभागों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और घंटों तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।

ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से अवैध खनन जारी है, जिसके कारण लगातार भू-धसान की घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद प्रशासन और खनन विभाग कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। भू-धसान के चलते कई घरों और सड़कों में दरारें पड़ गई हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है और कभी भी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही अंगार पथरा ओपी, बरोरा थाना और मधुबन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास, भू-धसान की उच्चस्तरीय जांच तथा अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग उठाई। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और प्रशासन ग्रामीणों से वार्ता करने में जुटा हुआ था।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....