मिरर मीडिया : ठंड के मौसम में अचानक बारिश का आना जाना अभी और परेशान कर सकता है। बता दें कि राजस्थान में बन रहे पश्चिमी विक्षोभ का असर गुरुवार को झारखंड के कई जिलों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार से राज्य में बादल छाए रहेंगे साथ ही कुछ जिलों में वज्रपात के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। वहीं राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से में बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है। लिहाज़ा यह बिन मौसम बरसात फसलों को नुकसान पहुंचा सकता है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर राज्य में 6 फरवरी तक रह सकता है। मौसम विभाग द्वारा जारी मैप के अनुसार 5 फरवरी को राज्य के उत्तर पूर्वी तथा निकटवर्ती मध्य भाग में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि 6 फरवरी को मौसम शुष्क रहेगा, साथ ही कोहरा और धुंध छाए रहेंगे। इस बीच तापमान में भी गिरावट देखी जा सकती है।