रामगढ़: मंगलवार को समाहरणालय में उपायुक्त ऋतुराज के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त (डीडीसी) आशीष अग्रवाल की अध्यक्षता में ‘जनता दरबार’ का आयोजन किया गया।
इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। डीडीसी ने सभी फरियादियों से संवेदनशीलता के साथ मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
जनता दरबार में मुख्य रूप से सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन योजनाओं से जुड़ी समस्याएं, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना की शिकायतें, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, दखल दिहानी, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, सड़क निर्माण समेत अन्य जन समस्याएं सामने आईं।
उप विकास आयुक्त ने प्राप्त आवेदनों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा मामलों के निष्पक्ष एवं समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह प्रशासन की प्राथमिकता है।
डीडीसी आशीष अग्रवाल ने कहा कि जिला प्रशासन अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने एवं आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

