जमुई – फ़ार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर डीएम का बड़ा एक्शन, झाझा के राजस्व कर्मचारी की संविदा समाप्त, एक निलंबित

KK Sagar
3 Min Read

जमुई: सरकार की महत्वाकांक्षी फ़ार्मर रजिस्ट्री योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर जमुई जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में जिला पदाधिकारी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झाझा के एक संविदा राजस्व कर्मचारी की सेवा समाप्त कर दी है, जबकि खैरा के एक राजस्व कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है। वहीं दो कृषि समन्वयकों के विरुद्ध चयनमुक्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जिले में 12 मई से 30 जून तक मिशन मोड में फ़ार्मर रजिस्ट्री अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों का फ़ार्मर आईडी (कृषक पहचान पत्र) बनाकर उन्हें राज्य एवं केंद्र सरकार की कृषि योजनाओं का सीधा लाभ उपलब्ध कराना है। अभियान की नियमित समीक्षा के दौरान कई क्षेत्रों में कार्य प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई।

जिला प्रशासन के अनुसार, झाझा अंचल कार्यालय में कार्यरत संविदा राजस्व कर्मचारी लालचंद्र हेंब्रम को सरकारी कार्यों में रुचि नहीं लेने, बार-बार चेतावनी के बावजूद फ़ार्मर आईडी निर्माण में अपेक्षित प्रगति नहीं दिखाने के कारण तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया गया। वहीं खैरा के राजस्व कर्मचारी निरंजन कुमार को कार्य में घोर लापरवाही और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया।

इसके अलावा लक्ष्मीपुर प्रखंड के कृषि समन्वयक कर्मराज और चंद्रशेखर आजाद के विरुद्ध भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने दोनों को अपने दायित्वों के निर्वहन में असफल मानते हुए चयनमुक्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

डीएम ने जिले के सभी अधिकारियों, कृषि कर्मियों और राजस्व कर्मचारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि किसानों से जुड़े इस महत्वपूर्ण अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि 30 जून तक निर्धारित लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए, अन्यथा जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ और भी कठोर अनुशासनात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को फ़ार्मर रजिस्ट्री अभियान में तेजी लाने और लापरवाह कर्मियों को कड़ा संदेश देने के रूप में देखा जा रहा है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....