धनबाद : विश्व पर्यावरण दिवस अभियान 2026 के तहत धनबाद रेल मंडल में शनिवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। रेल प्रशासन के निर्देश पर मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई कार्य किया गया।
अभियान के दौरान सफाई कर्मियों ने रेलवे स्टेशनों के परिसर, प्लेटफॉर्म क्षेत्र तथा आसपास के इलाकों से कचरा और प्लास्टिक अपशिष्ट को हटाया। इसके अलावा रेलवे ट्रैक के किनारों की भी विशेष सफाई की गई, जिससे स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
रेल प्रशासन ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे स्टेशनों, उनके आसपास के परिसरों तथा रेलवे भूमि पर विकसित पार्कों एवं उद्यानों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाए रखना है। साथ ही यात्रियों और आम नागरिकों के बीच स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी इस पहल का महत्वपूर्ण लक्ष्य है।
रेलवे अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट सामग्री को निर्धारित स्थानों पर ही डालें। अभियान के दौरान स्वच्छता के महत्व को लेकर जागरूकता संदेश भी प्रसारित किए गए।
धनबाद मंडल द्वारा चलाया गया यह अभियान पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ भारत के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

