‘गद्दारों पर भारी हूं…’, तेजस्वी से नाराज रोहिणी का पटना में लगा पोस्टर, क्या संदेश देने की कोशिश

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार का राजनीतिक पारा एक बार फिर ‘आसमान’ पर पहुंच रहा है। राष्ट्रीय जनता दल कार्यालय के बाहर लगे एक पोस्टर से सियासी हलचल तेज हो गई है। इस पोस्टर में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनकी बेटी रोहिणी आचार्य की तस्वीर है। इसमें कुछ पंक्तियां लिखी हैं। जिसके सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।

सिंगापुर में बेटी रोहिणी के घर पर हैं लालू

लालू यादव इन दिनों सिंगापुर में हैं। लागू सिंगापुर में अपना इलाज करवाने पहुंचे हैं, जहां उन्होंने किडनी देने वाली बेटी रोहिणी के घर को अपना ठिकाना बना है। वहीं रोहिणी जो बिहार चुनाव में पार्टी को मिली करारी हार के बाद राबड़ी आवास से रोते हुए निकली थी। तब उन्होंने मीडिया में आकर तेजस्वी यादव और उनके करीबी नेताओं पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उसके बाद से रोहिणी घर नहीं लौटीं।

रोहिणी बोलीं- हमारे घर हमारे भगवान आए हैं

इस बीच जब लालू सिंगापुर पहुंचे तो रोहिणी ने खुद एयरपोर्ट पहुंच कर पिता को रिसीव किया। न केवल रिसीव किया बल्कि एक रील के जरिए बाप-बेटी के प्यार को भी बताया। इस रील में रोहिणी ने लिखा- आज हमारे घर हमारे भगवान आए हैं।

पोस्टर की पंक्तियों ने बढ़ाया ‘पारा

इसी बीच पटना स्थित आरजेडी कार्यालय के बाहर लगा एक पोस्टर चर्चा का विषय बन गया है, जिसने पार्टी की राजनीति को एक बार फिर गरमा दिया है।  इस पोस्टर में लालू प्रसाद यादव अपनी बेटी रोहिणी को गले लगाए दिख रहे हैं। पोस्टर में दायीं ओर लिखा है कि ‘न हौसला टूटा है, न हिम्मत हारी है। मैं लड़ना जानती हूं, अकेले गद्दारों पर भारी हूं। मैं लालू जी की बेटी हूं, मेरा लहू बिहारी और रग-रग में खुद्दारी है।’

क्या तेजस्वी को संदेश देने की है कोशिश?

इस पोस्टर को सुबह या भोर के समय आरजेडी के पटना के वीरचंद पटेल पथ पर मौजूद हेडक्वार्टर के बाहर लगाया गया। रात के अंधेरे में कौन ये पोस्टर चिपका गया, ये राजद नेताओं को भी नहीं पता। इस पोस्टर से राजद खेमे की राजनीति गरमा गई है। माना जा रहा है कि पोस्टर के जरिए रोहिणी आचार्या की ओर से संदेश दिया गया है। राजनीतिक पंडितों की मानें तो रोहिणी के समर्थक इस पोस्टर के जरिए तेजस्वी यादव को ही मैसेज देना चाहती हैं। वह कहना चाहती है कि अब भी उनका हौसला नहीं टूटा है। वह अकेले ही राष्ट्रीय जनता दल और लालू प्रसाद से गद्दारी करने वालों पर भारी हैं।

Share This Article