धनबाद। कोयलांचल क्षेत्र में लगातार बढ़ रही कोयला चोरी की घटनाओं के विरोध में मंगलवार को कोयलांचल बचाओ संघर्ष समिति की ओर से रंधीर वर्मा चौक पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन में समिति से जुड़े दर्जनों समर्थकों ने भाग लिया और BCCL प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरना के दौरान प्रदर्शनकारियों ने BCCL के सीएमडी मनोज अग्रवाल के खिलाफ CBI जांच की मांग उठाई। इसके बाद धनबाद उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि BCCL के पास कोयला चोरी रोकने के लिए CISF के जवानों के साथ-साथ जिला पुलिस का भी सहयोग उपलब्ध है, इसके बावजूद कोयला चोरी पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। उनका कहना था कि कोयला चोरी रोकने के बजाय केवल जागरूकता अभियान चलाने की बात की जा रही है, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं।
कोयलांचल बचाओ संघर्ष समिति के सदस्यों ने आरोप लगाया कि कोयला चोरी की लगातार हो रही घटनाओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और इस मामले में जवाबदेही तय की जानी चाहिए। समिति ने राज्यपाल से BCCL सीएमडी की संपत्तियों की CBI से जांच कराने की मांग की है।
धरना-प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कोयला चोरी पर रोक लगाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग दोहराई।
नोट: प्रदर्शनकारियों द्वारा लगाए गए आरोप हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि या संबंधित पक्ष की आधिकारिक प्रतिक्रिया समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सकी थी।

