बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग हुई। फायरिंग में सिक्योरिटी गार्ड घायल हो गया। घायल सिक्योरिटी गार्ड को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायरिंग की आवाज से आसपास अफरातफरी का माहौल हो गया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर कई थाने की पुलिस पहुंच गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
खान सर के गार्ड और कुछ लड़कों में विवाद से बढ़ी बात
घटना मंगलवार की देर रात करीब 10:15 से 10:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। चश्मदीदों के अनुसार, खान सर के कोचिंग कैंपस के अंदर उनका एक ब्लड सेंटर है, जबकि बाहर नाश्ते की एक दुकान स्थित है। नाश्ते की दुकान पर खड़े कुछ लड़कों के साथ खान सर के गार्ड की किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई, देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई।
गोलीबारी की घटना पर क्या बोले खान सर?
गोलीबारी की घटना पर खुद खान सर का भी बयान आ गया है। उन्होंने कहा कि फायरिंग के समय वह वहीं मौजूद थे। उन्होंने कहा कि 8-10 राउंड गोलियां चलते तो उन्होंने खुद देखा है। इस घटना में एक सुरक्षा गार्ड के घायल होने की खबर है। खान सर ने बताया कि तोड़फोड़ और गोलीबारी करने वाले सीसीटीवी की कैद में हैं। सभी लोग चिह्नित कर लिए गए हैं। खान सर ने साफ कहा कि बगल की कोचिंग वाले का इसमें हाथ है।
हमें डरा-धमका कर चुप कराने की कोशिश-खान सर
खान सर ने कहा कि सबसे बड़ी समस्या यही है कि हम इतनी कम फीस में बच्चों को क्यों पढ़ा रहे हैं और हमारी कोचिंग से इतने सारे छात्र परीक्षाओं में पास क्यों हो रहे हैं? जब हजारों गरीब बच्चे कामयाब होने लगते हैं, तो कुछ असामाजिक तत्वों को डर लगने लगता है। उन्हें लगता है कि वे हमें डरा-धमका कर चुप करा देंगे।
2019 में भी बम से हुआ था हमला
कान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। इससे पहले 10 मई 2019 को उनके कोचिंग सेंटर को निशाना बनाकर देसी बम से हमला किया गया था। उस समय सुबह करीब 10 बजे कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान जीएस रिसर्च सेंटर के बाहर अज्ञात बदमाशों ने लगातार दो देसी बम फेंके थे। उस हमले में कोचिंग संस्थान के कार्यालय के एक हिस्से को नुकसान पहुंचा था, जबकि बाहर खड़ी एक छात्र की स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। हालांकि उस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं थी।

