डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 के उन अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है, जो तकनीकी समस्याओं के कारण अपना आवेदन नहीं कर पा रहे थे। झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने संवेदनशीलता दिखाते हुए न सिर्फ ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 20 जून कर दिया है, बल्कि एक विशेष नई व्यवस्था की भी घोषणा की है।
दरअसल साल 2024 की शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले कई अभ्यर्थियों के पुराने मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी अब चालू नहीं हैं। इस वजह से उन्हें 2026 की परीक्षा के लिए ऑनलाइन लॉगिन करने और फॉर्म भरने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
अभ्यर्थियों की इस परेशानी और उनके अनुरोध को ध्यान में रखते हुए जैक अध्यक्ष ने छात्र हित में एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। जैक के अनुसार जिन प्रभावित अभ्यर्थियों का पुराना डेटा मैच नहीं हो रहा है, उन्हें निराश होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। सामान्य अभ्यर्थियों के लिए आवेदन की तय समय सीमा 20 जून समाप्त होने के बाद, इन विशेष अभ्यर्थियों को फॉर्म भरने के लिए अलग से एक और अवसर (विंडो) प्रदान किया जाएगा।

