एकलव्य आवासीय विद्यालय में चोरी का 48 घंटे में पर्दाफाश, पुलिस ने ‘वैज्ञानिक’ तरीके से दो चोरों को दबोचा

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के अंधारी स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में हुई चोरी के मामले को पुलिस ने न सिर्फ सुलझा लिया है, बल्कि वारदात के महज दो दिनों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर शत-प्रतिशत सामान भी बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में से एक का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है।

क्या था पूरा मामला?
​6 जून 2026 को गंडकीदा के रहने वाले सरदार आल्डा ने कुमारडुंगी थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय से चोरों ने धावा बोलकर बजाज कंपनी के 8 दीवार पंखे, करीब 9 से 11 लोहे के बेड (प्लाई के साथ) और 4 गद्दे उड़ा लिए हैं। सरकारी स्कूल में हुई इस बड़ी चोरी के बाद पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई और कांड संख्या 17/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वैज्ञानिक अनुसंधान से मिली कामयाबी
​मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया। जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में बनी इस टीम ने पारंपरिक मुखबिरी के साथ-साथ वैज्ञानिक तरीके से मामले की तफ्तीश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और दो आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान
​राम हेम्ब्रम (38 वर्ष) – प्राथमिकी अभियुक्त
​रासिका हेम्ब्रम (31 वर्ष) – अप्राथमिकी अभियुक्त (इसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है)

कड़ाई से पूछताछ में टूटा हौसला: पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद दोनों आरोपियों ने एकलव्य विद्यालय में चोरी की बात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया शत-प्रतिशत सामान (9 लोहे के बेड मय प्लाई, 4 गद्दे और 8 बजाज दीवार पंखे) बरामद कर जब्त कर लिया है।

इस टीम ने किया मामले का खुलासा
​चोरी की इस गुत्थी को सुलझाने वाली टीम में जगन्नाथपुर के SDPO रफायल मुर्मू, झींकपानी अंचल के पुलिस निरीक्षक बासुदेव मुंडा और कुमारडुंगी थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी समेत कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित और पेशेवर कार्रवाई की काफी सराहना की है।

Share This Article