मानगो के जाकिर नगर को मिली बड़ी सौगात: अब घर के पास मिलेगा मुफ्त इलाज, जानें ओपीडी की टाइमिंग और मिलने वाली सुविधाएं

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: मानगो के जाकिर नगर और आसपास के इलाके में रहने वाले लोगों के लिए एक राहत भरी खबर है। वर्षो से सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी झेल रहे इस क्षेत्र के लोगों को अब छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए एमजीएम या सदर अस्पताल की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। जाकिर नगर रोड संख्या-18 में नवनिर्मित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भव्य उद्घाटन हो गया है। इस स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन स्थानीय विधायक सरयू राय, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान और सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने संयुक्त रूप से किया। इस केंद्र के खुलने से क्षेत्र की करीब एक लाख की आबादी को सीधा फायदा मिलेगा।

ओपीडी की टाइमिंग और मुख्य सुविधाएं
​सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के अनुसार इस शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह सुचारू रूप से शुरू कर दी गई हैं।
ओपीडी समय: प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक।
मुफ्त दवाएं और जांच: मरीजों को डॉक्टरों के परामर्श के साथ-साथ जरूरी जांच और मुफ्त दवाओं का वितरण किया जाएगा।
रेफरल सेवा: गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर करने की भी सुविधा होगी।

केंद्र पर मिलने वाली अन्य प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं:
​बच्चों का नियमित टीकाकरण।
​गर्भवती महिलाओं के लिए एंटी नेटल चेकअप (ANC)।
​गैर-संचारी रोगों (जैसे- बीपी, शुगर आदि) की जांच और उपचार।
​परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत परामर्श और अस्थायी गर्भनिरोधक साधनों की उपलब्धता।

बुजुर्गों के लिए विशेष दिन और ‘एफडीएस’ दिवस
​लोक स्वास्थ्य प्रबंधक सुमन मंडल ने बताया कि अस्पताल में आम दिनों के अलावा कुछ विशेष दिन भी तय किए गए हैं, ताकि हर वर्ग को बेहतर इलाज मिल सके।
बुधवार स्पेशल (FDS दिवस): हर सप्ताह बुधवार को केंद्र में एफडीएस दिवस का आयोजन किया जाएगा।
बुजुर्ग दिवस : हर महीने के तीसरे शनिवार को विशेष रूप से बुजुर्गों के लिए ‘बुजुर्ग दिवस’ मनाया जाएगा। इस दिन वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श के लिए खास इंतजाम रहेंगे।

कपाली और सरायकेला के लोगों को भी होगा फायदा
​उद्घाटन समारोह में डीडीसी नागेंद्र पासवान ने कहा कि ओल्ड पुरुलिया रोड के आसपास कोई सरकारी अस्पताल न होने से लोगों को काफी परेशानी होती थी। अब इस केंद्र के खुलने से न सिर्फ जाकिर नगर बल्कि कपाली से सटे होने के कारण सरायकेला-खरसावां जिले के सीमावर्ती लोगों को भी इसका पूरा लाभ मिलेगा। वहीं विधायक सरयू राय ने इसे मानगो क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है। उन्होंने कहा कि इससे हजारों परिवारों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण इलाज घर के पास ही मिल सकेगा।
​इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. अजय कुमार सिन्हा, डीटीओ डॉ. जोगेश्वर प्रसाद, डीएलओ डॉ. मृत्युंजय धावड़िया और डॉ. खुशबू कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद थे।

Share This Article