लालू यादव का 79वां जन्मदिन आज, देर रात राबड़ी आवास पर परिवार संग काटा केक

Neelam
By Neelam
3 Min Read

पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद याादव आज 11 जून को अपना 79वां जन्मदिन मना रहे हैं। लालू प्रसाद यादव ने देर रात परिवार के लोगों के साथ जन्मदिन का केक काटा। इधर, लालू यादव के जन्मदिन पर राबड़ी आवास और पार्टी कार्यालय में आज कार्यक्रम आयोजित होगा। हालांकि खराब तबीयत के कारण इस बार भी भव्य आयोजन नहीं होगा।

लालू यादव के जन्मदिन का जश्न

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के 79वें जन्मदिन के विशेष अवसर पर उनके पटना स्थित आवास पर आधी रात से ही जश्न का माहौल देखा गया। लालू यादव ने अपनी पत्नी राबड़ी देवी, बेटे तेजस्वी और बेटियों की मौजूदगी में केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया।

राबड़ी देवी ने पति लालू प्रसाद को खिलाया केक

तेजस्वी यादव ने पिता लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन के खास पल की कुछ तस्वीरें अपने एक्स हैंडल पर शेयर की है। इन तस्वीरों में राबड़ी देवी अपने पति लालू प्रसाद यादव को केक खिलाती नजर आ रही हैं। साथ ही, तेजस्वी यादव भी अपने पिता लालू यादव को केक खिला रहे हैं।

आधी रात के जश्न में नहीं दिखे तेज प्रताप

इस पूरे पारिवारिक आयोजन में सबसे ज्यादा ध्यान बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की अनुपस्थिति ने खींचा। आधी रात को जब लालू यादव ने अपनी पत्नी राबड़ी देवी और बच्चों के बीच केक काटा, तब तेज प्रताप यादव उस फ्रेम में कहीं भी मौजूद नहीं थे।

तेज प्रताप ने दिखाया पिता के प्रति सम्मान

भले ही तेज प्रताप यादव आधी रात को हुए इस मुख्य बर्थडे सेलिब्रेशन और केक कटिंग के दौरान परिवार के साथ नजर नहीं आए, लेकिन उन्होंने अपने पिता के प्रति सम्मान दिखाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने पिता को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

रोहिणी का पिता के लिए भावुक पोस्ट

वहीं, बेटी रोहिणी ने भी पिता लालू के साथ तस्वीर शेयर करते हुए इमोशनल पोस्ट किया है। रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पिता के साथ तस्वीर साझा करते हुए भावुक पोस्ट लिखा। रोहिणी ने कहा कि उनकी जिंदगी में उनके पापा की जगह कोई और नहीं ले सकता। उन्होंने हर मुश्किल में ढाल बनकर खड़े रहने के लिए पिता का आभार जताया और ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।

Share This Article