धनबाद : पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल द्वारा गुरुवार को बड़े पैमाने पर मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान सुनियोजित तरीके से दिन-रात विभिन्न स्टेशनों और मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान कुल 1273 यात्रियों को पकड़ा गया। इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, उचित प्राधिकार के बिना यात्रा करने वाले तथा बिना बुक किए गए सामान के साथ यात्रा कर रहे यात्री शामिल थे।
जांच के दौरान पकड़े गए यात्रियों से ₹8,86,020 जुर्माने के रूप में वसूले गए। साथ ही सभी यात्रियों को भविष्य में वैध टिकट और निर्धारित श्रेणी में ही यात्रा करने की कड़ी हिदायत दी गई।
टिकट जांच अभियान के प्रभाव से कई स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि धनबाद मंडल में टिकट जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है और आगे भी इसे जारी रखा जाएगा।
धनबाद मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में प्रवेश करें तथा जिस श्रेणी का टिकट उनके पास है, उसी श्रेणी में यात्रा करें। रेलवे ने चेतावनी दी है कि बिना टिकट या नियमों के उल्लंघन पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

