डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर :अगर आप भी उन मतदाताओं में से हैं जिनकी वोटर लिस्ट में मैपिंग अब तक नहीं हो पाई है, तो आपके पास केवल 13 जून तक का ही समय बचा है। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत छूटे हुए लोगों को जोड़ने के लिए जिला प्रशासन पूरी ताकत झोंक रहा है। इसी कड़ी में उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय परिसर से एक विशेष जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के कोने-कोने में घूमकर लोगों को मैपिंग के प्रति जागरूक करेगा। इस मौके पर धालभूम के एसडीएम अर्नव मिश्रा, एडीसी अनुराग तिवारी और उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सिर्फ एक दिन शेष: उपायुक्त की नागरिकों से अपील
जागरूकता रथ की रवानगी के दौरान उपायुक्त राजीव रंजन ने साफ किया कि इस विशेष अभियान की समाप्ति में अब मात्र एक दिन बाकी है। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर पात्र नागरिक का नाम वोटर लिस्ट में सही और अपडेटेड होना जरूरी है। जिन मतदाताओं की मैपिंग किसी वजह से छूट गई है, वे बिना किसी देरी के 13 जून तक अपने संबंधित मतदान केंद्र या बीएलओ से संपर्क कर अपनी मैपिंग जरूर करा लें।
आपके लिए क्यों जरूरी है यह खबर?
अगर आपकी मैपिंग अभी तक नहीं हुई है, तो आपको तुरंत ये कदम उठाने चाहिए।
आखिरी तारीख: 13 जून 2026 (शनिवार)
कहां जाएं: अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर विजिट करें।
किससे मिलें: अपने क्षेत्र के बीएलओ से तुरंत संपर्क करें।
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि इसके बाद छूटे हुए मतदाताओं को दोबारा मौका मिलने में लंबा वक्त लग सकता है, इसलिए इस अंतिम अवसर का लाभ उठाएं।

