जमुई। बिहार अभिभावक महासंघ का तृतीय स्थापना दिवस समारोह जमुई के सर्वोदय आईटीआई परिसर में उत्साह, उमंग और जनसहभागिता के बीच भव्य रूप से मनाया गया। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावकों, बच्चों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लेकर संगठन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज साह ने फीता काटकर किया। अपने संबोधन में उन्होंने बिहार अभिभावक महासंघ के तृतीय स्थापना दिवस पर सभी पदाधिकारियों, अभिभावकों एवं बच्चों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अभिभावकों और बच्चों के हितों की रक्षा के लिए महासंघ द्वारा किया जा रहा कार्य सराहनीय है। साथ ही उन्होंने संगठन के सामाजिक सरोकारों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बिहार अभिभावक महासंघ के महासचिव प्रमोद यादव ने कहा कि संगठन की यह उपलब्धि वर्षों के सतत संघर्ष, जनजागरण और अभिभावकों के बीच किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज शिक्षा के अधिकार और बच्चों के हितों को लेकर अभिभावकों में पहले की तुलना में काफी जागरूकता आई है। अब महासंघ की तैयारी इस जागरूकता को गांव-गांव तक पहुंचाने की है, ताकि हर अभिभावक अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग हो सके।
उन्होंने कहा कि एक शिक्षित और विकसित समाज के निर्माण के लिए सभी लोगों के बीच समानता, सामाजिक समरसता और आपसी सम्मान की भावना का होना बेहद आवश्यक है। जब समाज के प्रत्येक वर्ग को शिक्षा और अवसरों में समान भागीदारी मिलेगी, तभी एक बेहतर, सशक्त और जागरूक समाज की परिकल्पना साकार हो सकेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महासंघ की जमुई जिला इकाई की सचिव साधना कुमारी ने की, जबकि मंच संचालन दीपक वर्मा ने किया। समारोह के दौरान संगठन की उपलब्धियों, शिक्षा व्यवस्था में अभिभावकों की भूमिका, बच्चों के अधिकारों तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर कटौना पंचायत के मुखिया कपिल देव प्रसाद यादव, नंबर पंचायत के मुखिया दामोदर पासवान, बिहार अभिभावक महासंघ के अध्यक्ष शेखर सिन्हा, महासचिव प्रमोद यादव, जमुई जिला अध्यक्ष रणबीर कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश यादव, जिला उपाध्यक्ष मनीष केशरी, रवि रेबती भारती, रंजीत पासवान, डॉ. रवि रंजन कुशवाहा, नागेश्वर यादव सहित कई गणमान्य लोग एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह के उपरांत सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। वहीं कार्यक्रम का समापन सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के साथ हुआ। उपस्थित लोगों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई तथा समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रत्येक नागरिक को जिम्मेदारी के साथ यातायात नियमों का पालन करना चाहिए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।
बिहार अभिभावक महासंघ के तृतीय स्थापना दिवस समारोह ने न केवल संगठन की बढ़ती ताकत का संदेश दिया, बल्कि अभिभावकों और बच्चों के अधिकारों के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प भी दोहराया।

