असम के जोरहाट स्थित रौरिया एयरफोर्स स्टेशन पर शनिवार को भारतीय वायुसेना का AN-32 परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में वायुसेना के पांच जवान शहीद हो गए, जबकि सह-पायलट गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद जीवित बच गया है और उसका इलाज जारी है। भारतीय वायुसेना ने हादसे की पुष्टि करते हुए शहीद जवानों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया है।
भारतीय वायुसेना ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि इस दुर्घटना में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम ने कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। वायुसेना ने कहा कि वह शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
जानकारी के अनुसार, AN-32 परिवहन विमान अरुणाचल प्रदेश से जोरहाट लौट रहा था। विमान रौरिया एयरफोर्स स्टेशन पर लैंडिंग कर रहा था, तभी यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा एयरबेस परिसर के भीतर ही हुआ, जिसके बाद विमान में भीषण आग लग गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि विमान दो हिस्सों में टूट गया और घटनास्थल से आग व धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया।
हादसे के तुरंत बाद एयरबेस की फायरफाइटिंग और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव अभियान के दौरान सह-पायलट को जीवित निकाल लिया गया, लेकिन विमान में सवार पांच अन्य कर्मियों को नहीं बचाया जा सका।
भारतीय वायुसेना ने दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी (Court of Inquiry) के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि दुर्घटना तकनीकी खराबी, मानवीय त्रुटि या किसी अन्य कारण से हुई।
रौरिया एयरफोर्स स्टेशन भारतीय वायुसेना के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यह पूर्वोत्तर भारत में वायुसेना के प्रमुख ठिकानों में शामिल है और असम समेत पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में सैन्य अभियानों तथा लॉजिस्टिक सपोर्ट में अहम भूमिका निभाता है।
गौरतलब है कि वर्ष 1986 के बाद भारत में AN-32 विमान के 22 हादसे दर्ज किए जा चुके हैं। इससे पहले 22 जुलाई 2016 को चेन्नई से पोर्ट ब्लेयर जा रहा AN-32 विमान बंगाल की खाड़ी के ऊपर लापता हो गया था, जिसमें सवार सभी 29 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं 3 जून 2019 को जोरहाट से अरुणाचल प्रदेश के मेचुका जा रहा AN-32 विमान तातो क्षेत्र की पहाड़ियों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें विमान में सवार सभी 13 लोगों की जान चली गई थी।

