पलामू – रात्रि प्रवास में ग्रामीणों के बीच पहुंचे विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता, सड़क, पुलिया और चापाकल की दी सौगात

KK Sagar
2 Min Read

पलामू। जनसंपर्क एवं ग्रामीण संवाद अभियान के तहत पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने मनातू प्रखंड के अतिसुदूरवर्ती मसुरिया गांव में रात्रि प्रवास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं को सुना तथा विकास कार्यों को गति देने का भरोसा दिलाया।

बैठक के दौरान विधायक डॉ. मेहता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। साथ ही क्षेत्र के विकास, सड़क, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

रात्रि प्रवास के दौरान विधायक मसुरिया पुलिस पिकेट भी पहुंचे, जहां पिकेट प्रभारी दशरथ यादव ने उनका स्वागत किया। पिकेट परिसर में चापाकल लगाने की मांग पर विधायक ने शीघ्र इसकी व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।

वहीं खुटियारी टोला में विधायक ने अपने निजी खर्च से सड़क निर्माण कराने की घोषणा की। इसके अलावा विधायक मद से नाले पर पुलिया निर्माण और चापाकल लगाने की भी घोषणा की, जिससे ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने विधायक का भव्य स्वागत करते हुए क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता ने कहा कि पांकी विधानसभा के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो सके।

कार्यक्रम के बाद विधायक ने सीना यादव एवं गुड्डू जी के आवास पहुंचकर उनका कुशलक्षेम भी जाना। इस मौके पर जिला प्रतिनिधि प्रकाश मेहता, जिला भाजपा मंत्री लाला प्रसाद यादव, प्रो. बच्चन ठाकुर, उदेश यादव, प्रदीप कुमार चावला, अरविंद यादव समेत भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....