पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्व मध्य रेलवे ने 16 एवं 17 जून 2026 को परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार इन दो दिनों में कुल 14 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
16 जून को पाटलिपुत्र से रात 8 बजे किशनगंज के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन बेगूसराय, खगड़िया, नवगछिया और कटिहार के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेगी। वहीं पटना से रात 9 बजे नरकटियागंज के लिए स्पेशल ट्रेन चलेगी, जो पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, चकिया, बापूधाम मोतिहारी और बेतिया होते हुए नरकटियागंज पहुंचेगी।
इसी दिन पाटलिपुत्र से रात 10 बजे अररिया के लिए भी परीक्षा स्पेशल ट्रेन का परिचालन होगा, जो बेगूसराय, खगड़िया, नवगछिया और कटिहार के रास्ते चलेगी। इसके अलावा रात 11 बजे पाटलिपुत्र से नवगछिया के लिए एक अन्य स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। वहीं पटना से रात 11:30 बजे भभुआ के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेन रवाना होगी, जो तारेगना, जहानाबाद, गया, डेहरी ऑन सोन और सासाराम के रास्ते चलेगी।
17 जून को पटना से सुबह 7:15 बजे गया के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। वहीं बक्सर से दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन होगा। पहली ट्रेन दोपहर 1:30 बजे दानापुर के लिए तथा दूसरी शाम 6 बजे पटना के लिए रवाना होगी।
इसके अलावा किऊल से दोपहर 12:30 बजे गया के लिए तथा गया से शाम 5:30 बजे किऊल के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। ये दोनों ट्रेनें शेखपुरा और नवादा के रास्ते चलेंगी।
राजगीर रूट पर भी रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। बख्तियारपुर से सुबह 8 बजे और दोपहर 3:30 बजे राजगीर के लिए दो परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन होगा। वहीं राजगीर से दोपहर 1 बजे और शाम 6:15 बजे बख्तियारपुर के लिए स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। ये सभी ट्रेनें बिहारशरीफ और नालंदा स्टेशन होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगी।
पूर्व मध्य रेलवे ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा के दौरान इन स्पेशल ट्रेनों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय से अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचें। रेलवे का कहना है कि अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

