फिटनेस के लिए दौड़ा धनबाद : Run For Yoga में उमड़ा जनसैलाब! रणधीर वर्मा चौक से सिटी सेंटर तक दौड़कर दिया फिटनेस का संदेश

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर धनबाद में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। 21 जून को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला आयुष समिति की ओर से शहर में ‘रन फॉर योग’ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग और फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

रन फॉर योग की शुरुआत रणधीर वर्मा चौक से हुई, जो सिटी सेंटर तक पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने “योग करो, निरोग रहो” और “स्वस्थ तन-स्वस्थ मन, योग बने जीवन” जैसे नारों के साथ पूरे शहर में स्वास्थ्य और फिटनेस का संदेश फैलाया।

कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों के सदस्यों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे मार्ग में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। प्रतिभागियों ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की कला है।

जिला आयुष समिति की ओर से बताया गया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना और इसे एक जन आंदोलन का स्वरूप देना है। इसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में योग शिविर, जागरूकता कार्यक्रम और सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया जा रहा है।

21 जून को होने वाले मुख्य कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और आयुष विभाग की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अधिकारियों का कहना है कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....