RSS कार्यालय पेट्रोल बम मामला, रैपिडो और इंटरनेशनल लिंक… तीन आरोपी गिरफ्तार : रांची कांड में चौंकाने वाला खुलासा!”

KK Sagar
2 Min Read

रैपिडो कैब से पहुंचे थे आरोपी, ATS करेगी पूरे नेटवर्क और साजिश की गहन जांच

राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रांची पुलिस ने बोकारो और कोडरमा पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिनमें आरोपियों के कथित अंतरराष्ट्रीय संपर्कों का खुलासा भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सैफ अंसारी, अमन अंसारी समेत तीन लोग शामिल हैं। जांच में यह बात सामने आई है कि घटना को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने रैपिडो कैब का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सामग्री और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।

रांची के एसएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों के कुछ अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की जानकारी भी मिली है। इसी वजह से मामले को बेहद संवेदनशील मानते हुए पूरे नेटवर्क और इसके पीछे की साजिश की गहन जांच का निर्णय लिया गया है। पुलिस अब इस मामले के हर पहलू को खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय था या नहीं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अब जांच की जिम्मेदारी जल्द ही एटीएस को सौंपी जाएगी। एटीएस पूरे नेटवर्क, आरोपियों के संपर्कों और घटना के पीछे की संभावित साजिश की विस्तृत जांच करेगी।

गौरतलब है कि रांची के निवारणपुर स्थित RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। अब तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जानकारी सामने आने के बाद जांच और भी अहम हो गई है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....