डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : अगर आप आगामी दिनों में दक्षिण भारत की ओर यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। दक्षिण रेलवे जोन के अरक्कोणम स्टेशन पर ट्रैक डेवलपमेंट (रेलवे ट्रैक के आधुनिकीकरण और मरम्मत) का काम शुरू होने जा रहा है। इसके मद्देनजर रेल प्रशासन ने इस रूट से गुजरने वाली लंबी दूरी की तीन महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों को उनके नियमित मार्ग के बजाय डायवर्ट कर चलाने का फैसला किया है। हालांकि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने डायवर्ट की गई ट्रेनों के लिए तिरुत्तनी स्टेशन पर विशेष स्टॉपेज की व्यवस्था की है।
बदले हुए रूट और तारीखों की पूरी सूची
टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (25 जून): यह ट्रेन 25 जून को अपने तय रास्ते के बजाय बदले हुए मार्ग गुडूर, रेणिगुंटा, तिरुत्तनी और मेलपक्कम स्टेशन होते हुए एर्नाकुलम जाएगी। इस ट्रेन को तिरुत्तनी स्टेशन पर 5 मिनट का विशेष ठहराव दिया गया है।
बिलासपुर-एर्नाकुलम सुपरफास्ट एक्सप्रेस (23 जून): 23 जून को चलने वाली यह ट्रेन मेलपक्कम, तिरुत्तनी, रेणिगुंटा और गुडूर के रास्ते एर्नाकुलम पहुंचेगी। इस ट्रेन का भी तिरुत्तनी स्टेशन पर विशेष स्टॉपेज रहेगा।
तिरुनेलवेली-पुरुलिया एक्सप्रेस (24 जून): 24 जून को चलने वाली यह ट्रेन बदले हुए मार्ग मेलपक्कम, तिरुत्तनी, रेणिगुंटा और गुडूर होते हुए पुरुलिया तक जाएगी। यात्रियों के लिए इस ट्रेन का भी तिरुत्तनी स्टेशन पर विशेष ठहराव सुनिश्चित किया गया है।
स्टेशन जो छूटेंगे: रेलवे ने स्पष्ट किया है कि रूट डायवर्जन के कारण ये तीनों ट्रेनें अपनी इस यात्रा के दौरान अरक्कोणम और पेरम्बूर स्टेशनों पर नहीं रुकेंगी। इन स्टेशनों के यात्री तिरुत्तनी स्टेशन के विशेष स्टॉपेज का लाभ उठा सकते हैं।

