NEET UG Re-Exam 2026: धालभूम में परीक्षा कल, सुरक्षा के कड़े इंतजाम, केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा को लेकर धालभूम अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 21 जून (रविवार) को होने वाली इस परीक्षा को कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए पूरे धालभूम अनुमंडल क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 (निषेधाज्ञा) लागू कर दी गई है।

परीक्षा का समय और शेड्यूल
सामान्य अभ्यर्थी: दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक।
दिव्यांग अभ्यर्थी: दोपहर 2:00 बजे से शाम 6:15 बजे तक।
निषेधाज्ञा की अवधि: यह आदेश 20 जून की रात 10:00 बजे से लागू होकर 21 जून की रात 9:00 बजे तक प्रभावी रहेगा।

इन गतिविधियों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स: मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या किसी भी अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के अनधिकृत उपयोग या उसे ले जाने पर पाबंदी।
नकल सामग्री: परीक्षा में किसी भी तरह की चीटिंग रोकने के लिए पुस्तक, नोट्स या चिट ले जाने पर रोक।
भीड़ और नारेबाजी: 5 या उससे अधिक व्यक्तियों के एक जगह जुटने, समूह बनाने, नारेबाजी करने या भाषण देने पर प्रतिबंध।
हथियार: चाकू, लाठी, डंडा या किसी भी तरह के आग्नेयास्त्र (फायरआर्म्स) के प्रदर्शन और वहन पर पूरी रोक।
​ध्वनि प्रदूषण: लाउडस्पीकर, पटाखों या तेज आवाज वाले आतिशबाजी के सामानों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध।

किसे मिलेगी छूट?
यह प्रतिबंध वैध एडमिट कार्ड (प्रवेश-पत्र) वाले परीक्षार्थियों और परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकृत अधिकारियों/कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा।

उल्लंघन करने पर होगी जेल और सख्त कार्रवाई
​प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इन नियमों का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। आदेश की अवहेलना करने वाले उपद्रवियों या संदिग्धों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 और अन्य सुसंगत कानूनी धाराओं के तहत तत्काल कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए इन दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें।

Share This Article