देश के कई हिस्सों में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होने लगा है। बिहार और झारखंड में भी मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों के कई जिलों में अगले 48 घंटों के दौरान भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की संभावना जताई है। इसके साथ ही लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, राजस्थान से बिहार तक फैली मानसूनी ट्रफ लाइन के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम तेजी से बदल रहा है। यही वजह है कि उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं।
बिहार की बात करें तो गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, सुपौल, कटिहार, भागलपुर और अररिया सहित कई जिलों में अगले तीन दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। इन इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है, जबकि 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। साथ ही बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
वहीं झारखंड में मानसून ने अपनी पकड़ मजबूत करनी शुरू कर दी है। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, धनबाद, बोकारो और जमशेदपुर समेत कई जिलों में जोरदार बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। लगातार बारिश के कारण निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों को भी मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही खेतों में काम करने की हिदायत दी गई है।

