तेज प्रताप यादव के घर पर हुई चोरी, थाने में शिकायत दर्ज, पीए पर लगाया आरोप

Neelam
By Neelam
3 Min Read

राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू यादव के बड़े बेटे और जेजेडी अध्यक्ष तेज प्रताप यादव के आवास पर चोरी होने की घटना सामने आई है। तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक (पीए) मोतीलाल राय पर उनके आवास पर बड़ी चोरी करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। इसको लेकर तेज प्रताप ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

20 लाख नकद समेत सोना और महंगे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की चोरी

जेजेडी प्रमुख ने सोमवार देर रात सचिवालय थाना पहुंचकर पुलिस को शिकायती आवेदन सौंपा। उनका आरोप है कि उनके आवास से 20 लाख रुपये नकद, 2 तोला सोने की चेन, 1 सोने की अंगूठी, 2 हार्ड डिस्क, 4 पेन ड्राइव, एक iPad, एक MacBook लैपटॉप और एक Lenovo लैपटॉप के अलावा 4 iPhone 17 Pro Max मोबाइल फोन चोरी हो गए।

चोरी गए नकदी और सामान की बरामदगी की मांग

आवेदन में ये भी बताया गया है कि घटना वाली रात करीब 11:30 बजे ड्राइवर अनिल यादव और आवास पर रहने वाले विशाल ने मोतीलाल राय को एक बैग लेकर घर से निकलते देखा था, जिसके आधार पर चोरी में उसकी संलिप्तता की आशंका जताई गई। तेज प्रताप यादव ने पुलिस से एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी तथा चोरी गए नकदी और सामान की बरामदगी की मांग की है।

तेज पर मारपीट करने आरोप 

मिल रही खबरों के मुताबिक, आवेदन देने से पहले तेज प्रताप यादव और उनके पीए के बीच कथित तौर पर मारपीट भी हुई थी। चर्चा है कि पीए मोतीलाल राय तेज प्रताप के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पूर्व मंत्री ने थाने में चोरी का आवेदन दे दिया।

2022 में भी सामने आया था चोरी का मामला

ये पहली बार नहीं है जब तेज प्रताप यादव के आवास से चोरी का मामला सामने आया है। साल 2022 में भी उन्होंने अपने घर में काम करने वाले एक कर्मचारी चंदन के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया था। उस समय आरोप लगाया गया था कि कर्मचारी आईफोन और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गया था।

Share This Article