बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सूबे की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर सरकार पर बड़ा हमला बोला है। हाजीपुर के गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र अंतर्गत तेरसिया गांव में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा।
प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक
तेजस्वी यादव बिना किसी विशेष सुरक्षा घेरे के सामान्य रूप से समारोह में पहुंचे थे।इस दौरान तेजस्वी यादव ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया और मीडिया से बातचीत करते हुए बिहार तथा केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के दावों के बावजूद प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बढ़े
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राज्य में आए दिन व्यापारियों और आम नागरिकों की हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं। उनका आरोप था कि अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता में है और सरकार इस मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।
यहाँ निर्दोष लोगों का एनकाउंटर हो रहा-तेजस्वी
हाल में हुए एनकाउंटर पर नेता प्रतिपक्ष ने बेहद गंभीर आरोप लगाए। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में पूरी तरह से अराजकता का माहौल है और यहाँ अब निर्दोष लोगों का एनकाउंटर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग पुलिस के सामने आत्मसमर्पण (सरेंडर) कर दे रहे हैं, पुलिस पकड़ में आने के बाद उन्हीं लोगों का एनकाउंटर कर दे रही है।
आर्थिक हालात पर भी उठाए सवाल
बिहार की आर्थिक स्थिति को लेकर भी नेता प्रतिपक्ष ने सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने दावा किया कि राज्य का वित्तीय प्रबंधन कमजोर हो चुका है। तेजस्वी ने कहा कि जीविका दीदियों और आंगनबाड़ी सेविकाओं का मानदेय समय पर नहीं मिल पा रहा है, जबकि सरकार जनता से जुड़े मूलभूत मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक समीकरण साधने में व्यस्त है।
‘सिलेक्टेड’ सीएम हैं-तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी पर तंज कसते हुए कहा कि वो जनता द्वारा चुने गए ‘इलेक्टेड’ सीएम नहीं हैं, बल्कि वे बैकडोर से बनाए गए ‘सिलेक्टेड’ सीएम हैं, जिन्हें जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि यह सरकार जिन बड़े-बड़े वादों को करके सत्ता की मलाई खा रही है, वे सारे वादे धरातल पर पूरी तरह से फेल साबित हो चुके हैं। सरकार के पास जनता के विकास के लिए कोई विजन और काम नहीं है। उन्होंने दावा किया कि बिहार का सरकारी खजाना पूरी तरह से खाली हो चुका है और विकास योजनाएं ठप पड़ी हैं।

