ओलंपिक दिवस पर चमके पूर्वी सिंहभूम के सितारे, 37 पदक विजेता खिलाड़ी सम्मानित

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के मौके पर धातकीडीह कम्युनिटी सेंटर में खेल और खिलाड़ियों का महाकुंभ देखने को मिला। झारखंड सरकार के खेलकूद विभाग और पूर्वी सिंहभूम जिला खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में जिले के उन 37 अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपनी मेहनत से देश-दुनिया में राज्य का नाम रोशन किया है। सभी विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) और प्रशस्ति पत्र देकर उनकी खेल उपलब्धियों को सराहा गया।

प्रशासनिक अधिकारियों और दिग्गजों ने बढ़ाया हौसला
​इस गौरवमयी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन शामिल हुए। उनके साथ उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा और पूर्व ओलंपियन हरभजन सिंह भी मौजूद रहे। खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि
​इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां सिर्फ जिला या राज्य के लिए गौरव की बात नहीं हैं, बल्कि यह आने वाली युवा पीढ़ी के लिए एक प्रेरणा है। राज्य सरकार की खेल नीतियों और मिल रही सुविधाओं के दम पर हमारे खिलाड़ी भविष्य में वैश्विक पटल पर और भी बड़ी सफलताएं हासिल करेंगे।

इन खेलों के दिग्गजों का हुआ सम्मान
​समारोह में विभिन्न खेल विधाओं से जुड़े खिलाड़ियों का जमघट लगा। इनमें मुख्य रूप से शूटिंग, शतरंज, ​तीरंदाजी, ​एथलेटिक्स और तैराकी, बास्केटबॉल, ताइक्वांडो, कबड्डी और फुटबॉल खेलों के राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय पदक विजेता शामिल थे।

जूनियर फुटबॉल टीमों को भी मिली ट्रॉफी
​इस मौके पर ओलंपिक दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित बालक और बालिका वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। विजेता और उपविजेता टीमों को स्वर्ण और रजत पदक के साथ चमचमाती ट्रॉफी सौंपी गई।
​कार्यक्रम का सफल संचालन पूर्वी सिंहभूम की जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की द्वारा किया गया। इस दौरान भारी संख्या में खेल प्रेमी, कोच (प्रशिक्षकों) और विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि मौजूद रहे, जिससे पूरा माहौल खेल भावना और उत्साह से सराबोर दिखा।

Share This Article