पलामू : लंबे समय से इंतजार के बाद विभाग ने 9 खान निरीक्षक को सहायक जिला खनन पदाधिकारी में प्रमोशन किया है। झारखंड सरकार के खान एवं भूतत्व विभाग ने राज्य के खनन विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए 9 खनन निरीक्षकों को सहायक खनन पदाधिकारी (Assistant Mining Officer) के पद पर नियमित पदोन्नति दी है। इस संबंध में विभाग ने 23 जून 2026 को अधिसूचना जारी की है।
जारी अधिसूचना के अनुसार, पलामू के प्रभारी जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार को खनन निरीक्षक (लेवल-06) से सहायक खनन पदाधिकारी (लेवल-08) के पद पर नियमित प्रोन्नति दी गई है। पदोन्नति के बाद भी वे पलामू में प्रभारी जिला खनन पदाधिकारी के पद पर अगले आदेश तक बने रहेंगे।
विभाग की ओर से जिन अन्य अधिकारियों को पदोन्नति दी गई है, उनमें प्रदीप कुमार साह को झारखंड राज्य खनिज विकास निगम, रांची, राम नरेश सिंह को खूंटी, राजाराम प्रसाद को लोहरदगा, पिंटू कुमार को रांची, दिलीप कुमार को खान निदेशालय रांची, राहुल कुमार को रामगढ़, राजेश हांसदा को चतरा तथा विश्वनाथ उरांव को गिरिडीह में सहायक खनन पदाधिकारी के पद पर पदोन्नति दी गई है।
अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पदोन्नत अधिकारियों को प्रोन्नति का वास्तविक वित्तीय लाभ उनके द्वारा नए पद का प्रभार ग्रहण करने की तिथि से मिलेगा। साथ ही, जहां सहायक खनन पदाधिकारी के पद रिक्त हैं, वहां नवपदोन्नत अधिकारियों को अगले आदेश तक कार्यभार संभालने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पलामू के लिए यह निर्णय खास माना जा रहा है, क्योंकि सुनील कुमार की पदोन्नति के बावजूद जिले में प्रशासनिक निरंतरता बनी रहेगी और खनन विभाग के कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।

