डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर :जमशेदपुर वीमेन्स यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए बड़ी खबर है। यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रण विभाग ने यूजी सेमेस्टर 2 की एंड सेमेस्टर परीक्षा 2026 के साथ-साथ यूजी सेमेस्टर 6 की परीक्षाओं का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है। अगर आप भी इस परीक्षा में बैठने वाली हैं, तो नीचे दी गई जरूरी तारीखें और नियम नोट कर लें।
परीक्षा का पूरा शेड्यूल
यूजी सेमेस्टर 2 की परीक्षा: आगामी 8 जुलाई से शुरू होकर 22 जुलाई 2026 तक संचालित की जाएगी।
यूजी सेमेस्टर 6 की परीक्षा: यह परीक्षा 9 जुलाई से शुरू होकर 17 जुलाई 2026 तक चलेगी।
सिर्फ एक पाली में होगी परीक्षा, टाइमिंग का रखें ध्यान
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्राओं की सहूलियत को देखते हुए परीक्षा केवल पहली पाली में ही आयोजित करने का निर्णय लिया है।
रिपोर्टिंग टाइम: सुबह 08:45 बजे।
परीक्षा का समय: सुबह 09:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक।
जरूरी निर्देश: परीक्षा नियंत्रण विभाग ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सभी परीक्षार्थियों को हर दिन अपने साथ मूल एडमिट कार्ड लाना अनिवार्य होगा। इसके बिना परीक्षा हॉल में एंट्री नहीं मिलेगी।
वहीं कोल्हान विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग ने बेसिक बीएससी नर्सिंग कोर्स के विभिन्न सेमेस्टर के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत सत्र 2024-28 के प्रथम सेमेस्टर, सत्र 2023-27 के चौथे सेमेस्टर, सत्र 2022-26 के छठे सेमेस्टर और सत्र 2021-25 के आठवें सेमेस्टर के छात्र-छात्राएं अपना फॉर्म भर सकते हैं।
बिना विलंब शुल्क के तारीखें
छात्र-छात्राएं 1 जुलाई से 10 जुलाई तक बिना किसी लेट फाइन के ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म और शुल्क जमा कर सकते हैं।
₹500 लेट फाइन के साथ मौका
अगर कोई छात्रा या छात्र तय अवधि में फॉर्म नहीं भर पाता है, तो उसे 11 जुलाई से 13 जुलाई तक का समय मिलेगा। लेकिन इसके लिए 500 रुपये विलंब शुल्क देना होगा।
कैसे होगा भुगतान?
परीक्षा शुल्क का भुगतान पूरी तरह ऑनलाइन मोड में होगा। छात्र अपने डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, पेटीएम या नेट बैंकिंग के माध्यम से आसानी से शुल्क जमा कर सकते हैं।

