भारत सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर में शहीद होने वाले देश के जांबाज जवानों के नाम सार्वजनिक कर दिए हैं। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अपने पराक्रम का परिचय देते हुए 6 जवान शहीद हो गए थे। अपने प्राणों की आहुति देने वाले इन छह सैनिकों के नाम पहली बार सार्वजनिक किए गए हैं। इनमें सेना के पांच जवान और वायु सेना का एक जांबाज शामिल हैं। इन वीर योद्धाओं के नाम दिल्ली स्थित इंडिया गेट के पास नेशनल वॉर मेमोरियल पर अंकित किए जाएंगे।
छह वीर बलिदानियों के नामः
- सूबेदार मेजर पवन कुमार
- राइफलमैन सुनील कुमार
- लांस नायक दिनेश कुमार
- अग्निवीर मूड मुरली नाइक
- हवलदार सुनील कुमार सिंह
- सार्जेंट सुरेंद्र कुमार (वायु सेना)
युद्ध स्मारक पर अमर होंगे नाम
इन शहीदों के नाम वर्ष 2025 में विभिन्न अभियानों में प्राण न्यौछावर करने वाले जवानों की सूची के तहत सार्वजनिक किए गए हैं। सेना युद्ध स्मारक पर इन वीरों के नाम एक ईंट पर उकेरे जाएंगे, जो आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान की याद दिलाते रहेंगे। ऑपरेशन सिंदूर भारत द्वारा पाकिस्तान के विरुद्ध चलाया गया एक सैन्य अभियान था, जिसमें इन बहादुर जवानों ने अपनी जान देकर मातृभूमि की रक्षा की। इन शहीदों का बलिदान राष्ट्र कभी नहीं भूलेगा।
दो शहीदों को वीरता पदक
इन छह शहीदों में से दो को उनकी असाधारण वीरता के लिए सम्मानित किया गया है। राइफलमैन सुनील कुमार को वीर चक्र (मरणोपरांत) और सार्जेंट सुरेंद्र कुमार को वायु सेना मेडल से नवाजा गया है। 8 जून को राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राइफलमैन सुनील कुमार को मरणोपरांत वीर चक्र प्रदान किया। यह सम्मान उनके माता-पिता को दिया गया, जिन्होंने अपने वीर बेटे की कुर्बानी पर पूरे देश को गर्वान्वित किया।
क्या है ऑपरेशन सिंदूर ?
बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर की कार्रवाई भारतीय सेनाओं ने अप्रैल-मई 2025 में पहलगाम (जम्मू-कश्मीर) में हुए उस बर्बर आतंकवादी हमले के जवाब में की थी, जिसमें कई भारतीय नागरिकों की जान गई थी और महिलाओं का सुहाग उजड़ गया था। इस अभियान का नाम पीड़ित महिलाओं के भावनात्मक दर्द और बदले के प्रतीक के रूप में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रखा गया था। भारतीय सेनाओं ने इस ऑपरेशन में अपने साहस और जांबाजी की अप्रतिम तस्वीर पेश की थी और पूरे देश के आवेश का सफल बदला लिया था।

