रामगढ़ में केज कल्चर योजना का जायजा लेने पहुंचे कृषि सचिव, मत्स्य पालकों से किया संवाद, मोटर बोट देने का आश्वासन

KK Sagar
2 Min Read

रामगढ़: कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के सचिव अबुबक्कर सिद्दीक पी. ने शनिवार को रामगढ़ जिले के आरा बस्ती माइंस संख्या-8 पहुंचकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित केज कल्चर योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मत्स्य पालन गतिविधियों का जायजा लिया और योजना से जुड़े किसानों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों से सीधा संवाद किया।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने मत्स्य उत्पादन, विपणन, आय, तकनीकी प्रबंधन और योजना से मिल रहे सामाजिक एवं आर्थिक लाभों की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि केज कल्चर योजना से उनकी आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है और आजीविका को नई मजबूती मिली है।

सचिव ने नाव के माध्यम से जलाशय में संचालित केज कल्चर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मत्स्य पालकों की सुविधा और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए मोटर बोट उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

महिला मत्स्य पालक समूहों से बातचीत करते हुए उन्होंने उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना की और मछली से अचार, कटलेट, फिश फिंगर, ड्राई फिश जैसे मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार कर अधिक आय अर्जित करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने मत्स्य उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और बेहतर विपणन व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया।

सचिव ने कहा कि केज कल्चर जैसी योजनाएं विस्थापित और ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार और आजीविका का मजबूत माध्यम बन रही हैं। राज्य सरकार आधुनिक तकनीक और बेहतर बाजार व्यवस्था के जरिए मत्स्य क्षेत्र को सशक्त बनाकर किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

निरीक्षण के दौरान जिला मत्स्य पदाधिकारी डॉ. आरूप कुमार चौधरी, विभागीय अधिकारी, जिला प्रशासन के पदाधिकारी, मत्स्य विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में मत्स्य पालक किसान और महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्य मौजूद रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....