तमिलनाडु गैस रिसाव हादसा: झारखंड के सभी 42 प्रवासी श्रमिक सुरक्षित रवाना, मृतका प्रीति देवी का पार्थिव शरीर आज पहुंचेगा रांची

KK Sagar
3 Min Read

रांची: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में स्थित सेंट पीटर्स एंड पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स फैसिलिटी में 21 जून को हुए अमोनिया गैस रिसाव हादसे के बाद झारखंड सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष ने राहत एवं समन्वय अभियान चलाते हुए झारखंड के सभी 42 प्रवासी श्रमिकों को सकुशल ट्रेन से उनके गृह राज्य के लिए रवाना कर दिया है।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के सचिव और श्रमायुक्त के मार्गदर्शन में राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष ने तमिलनाडु प्रशासन, श्रम विभाग, रेलवे बोर्ड, दक्षिण रेलवे और अस्पताल प्रशासन के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया। इसके परिणामस्वरूप सभी प्रभावित श्रमिकों की सुरक्षित वापसी की व्यवस्था की गई।

झारखंड सरकार के विशेष अनुरोध पर रेलवे प्रशासन ने अलप्पुझा–धनबाद एक्सप्रेस में झारखंड के श्रमिकों के लिए एक विशेष स्लीपर कोच उपलब्ध कराया। मंगलवार को सभी 42 श्रमिक चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन से झारखंड के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान उनके लिए भोजन, पेयजल और सुरक्षा की भी समुचित व्यवस्था की गई है।

इस हादसे में धनबाद निवासी प्रवासी श्रमिक प्रीति देवी की इलाज के दौरान चेन्नई के राजीव गांधी सरकारी सामान्य अस्पताल में मौत हो गई थी। झारखंड सरकार की पहल पर उनके परिजनों के तमिलनाडु पहुंचने, शव की पहचान, पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कराया गया। तमिलनाडु सरकार के सहयोग से प्रीति देवी का पार्थिव शरीर मंगलवार शाम हवाई मार्ग से बिरसा मुंडा हवाई अड्डा, रांची लाया जाएगा। एयरपोर्ट पर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है, जिसके माध्यम से पार्थिव शरीर को उनके मायके बाघमारा के नीचतपुर ले जाया जाएगा। उनका ससुराल टुंडी के मनियाडीह में है।

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि पीड़ित परिवार के साथ इस कठिन समय में पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष नियोक्ता और संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि मृतका के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा और अन्य सभी वैधानिक लाभ जल्द से जल्द उपलब्ध कराए जा सकें।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....