बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर नवनिर्वाचित एमएलसी आज शपथ ग्रहण करेंगे। बिहार सरकार में मंत्री निशांत कुमार और भोजपुरी एक्टर पवन सिंह भी शपथ लेंगे। बिहार विधान परिषद के उप भवन (एनेक्सी) के मुख्य सभागार में शाम 4 बजे कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
पवन सिंह के सियासी पारी की शुरूआत
नवनिर्वाचित 10 सदस्यों में सबसे ज्यादा चर्चा भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और गायक पवन सिंह की है, जो पहली बार किसी सदन के सदस्य के रूप में अपनी सियासी पारी शुरू करेंगे। भारतीय जनता पार्टी ने उनकी लोकप्रियता और भोजपुरी क्षेत्र में मजबूत जनाधार को देखते हुए उन्हें विधान परिषद भेजा है। माना जा रहा है कि भाजपा ने शाहाबाद और भोजपुरी बेल्ट में अपने सामाजिक और राजनीतिक समीकरण को और मजबूत करने की रणनीति के तहत यह दांव चला है।
किस पार्टी के कौन-कौन सदस्यता शपथ लेंगे
पिछले महीने बिहार विधान परिषद् की नौ सीटों पर चुनाव और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की खाली की गई सीट पर उप चुनाव हुआ था। भारतीय जनता पार्टी ने पवन सिंह, संजय मयूख, शीला पंडित और अनिल ठाकुर को टिकट दे दिया था। जनता दल यूनाईटेड ने निशांत कुमार, भारती मेहता, शिवरानी देवी प्रजापति, ललन प्रसाद के नाम का एलान किया था। इन सभी ने निर्विरोध जीत हासिल की थी। इसके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से अशरफ अंसारी और राष्ट्रीय जनता दल से डॉ. सुनील कुमार सिंह भी आज शपथ लेकर अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे।

