डिजिटल डेस्क। रांची : झारखंड राज्य सूचना आयोग को आखिरकार उसके नए आयुक्त मिल गए हैं। लोक भवन के दरबार हॉल में आयोजित एक भव्य समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने चार नवनियुक्त राज्य सूचना आयुक्तों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। लंबे समय से खाली चल रहे इन पदों के भरने से अब राज्य में सूचना के अधिकार से जुड़े मामलों के निपटारे में तेजी आने की उम्मीद है।

इन चार आयुक्तों ने ली शपथ
समारोह के दौरान राज्यपाल ने अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो, शिवपूजन पाठक को झारखंड राज्य सूचना आयोग के राज्य सूचना आयुक्त के रूप में शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल गंगवार ने सभी नवनियुक्त आयुक्तों को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
समारोह की आधिकारिक प्रक्रिया
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य सचिव अविनाश कुमार द्वारा सूचना आयुक्तों की नियुक्ति संबंधी आधिकारिक वारंट के वाचन के साथ हुई। इसके बाद राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने गरिमामयी मंच पर सभी नवनियुक्त आयुक्तों को बारी-बारी से शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित किया।
सत्ता और विपक्ष के दिग्गज रहे मौजूद
इस हाई-प्रोफाइल शपथ ग्रहण समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य रूप से उपस्थित थे। उनके अलावा प्रशासनिक, पुलिस और राजनीतिक जगत के कई बड़े चेहरे इस कार्यक्रम के गवाह बने।
राजनीतिक नेतृत्व: केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्य की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी और बैद्यनाथ राम।
शीर्ष नौकरशाही: पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा, और मंत्रिमंडल व गृह, कारा व आपदा प्रबंधन विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल।
क्यों खास है यह नियुक्ति?
राज्य सूचना आयोग में आयुक्तों की तैनाती से RTI आवेदकों को बड़ी राहत मिलेगी। अपीलों और शिकायतों का बोझ कम होगा, जिससे प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा मिलेगा।

